LG Saxena पर गंभीर आरोप लगाते हुए ‘‘आप’’ ने की बर्खास्त करने की मांग, जानें क्या है पूरा मामला

Summary :

आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने खादी विकास और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईएस) के अध्यक्ष पद पर रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने खादी विकास और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईएस) के अध्यक्ष पद पर रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया और एक खादी लाउंज की आंतरिक साजसज्जा (इंटीरियर डिजाइनिंग) का ठेका अपनी बेटी को दिया था।पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘‘तत्काल’’ सक्सेना को बर्खास्त करने की मांग की।आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी मांग की कि कानून का उल्लंघन कर अपनी बेटी को कथित तौर पर ठेका देने के लिए सक्सेना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
गलत कृत्यों की जवाबदेही से बच नहीं सकते LG 
सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने केवीआईसी के अध्यक्ष के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया तथा मुंबई में एक खादी लाउंज की आंतरिक साजसज्जा का ठेका अपनी बेटी को दिया। ठेका देने में उन्होंने केवाईआईसी कानून, 1961 के प्रावधानों का उल्लंघन किया।’’उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को दिल्ली के उपराज्यपाल के तौर पर सक्सेना को फौरन बर्खास्त करना चाहिए तथा अपनी बेटी को अवैध तरीके से ठेका देने के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।सिंह ने कहा कि आप अपने वरिष्ठ वकीलों के साथ विचार-विमर्श कर रही है और मामले में अदालत का रुख करने की तैयारी कर रही है।उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के उपराज्यपाल अपने गलत कृत्यों की जवाबदेही से बच नहीं सकते। हम इस मामले में जल्द ही अदालत का रुख करेंगे क्योंकि ठेका देने में उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।’’आप नेता ने पूछा, ‘‘केवाईआईसी के अध्यक्ष अपने रिश्तेदार को ठेका कैसे दे सकते हैं?’’

Desk Team