नई दिल्ली: पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की ढीली होती पकड़ को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। आप की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने पंजाब स्थानीय चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद राज्य में संगठन की कमजोर कड़ियों को दुरुस्त करने के लिए यह फैसला लिया है।
आम आदमी पार्टी के अनुसार पीएसी ने पंजाब के राजनीतिक हालात और संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद मनीष सिसोदिया को यह जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें कि इस साल हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी आप को राज्य में हाल ही हुए स्थानीय निकाय चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है।
जिसके बाद आप ने संगठन के स्तर पर यह फैसला लिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव तक संजय सिंह राज्य में पार्टी के प्रभारी थे। पंजाब और फिर दिल्ली निगम चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने के कारण सिंह ने प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से यह पद खाली था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



