उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अनुरोध पर दिव्यांग छात्रों के लिये दो मिनी बस खरीदने की खातिर करीब 20 लाख रुपये आवंटित किये हैं।
डूसू के निवर्तमान अध्यक्ष शक्ति सिंह ने 17 अगस्त को एक पत्र लिखकर तिवारी से अनुरोध किया था कि वो दिल्ली विश्वविद्यालय के समान अवसर प्रकोष्ठ (ईओसी) को दो वाहन उपलब्ध कराएं। ईओसी ‘दिव्यांग श्रेणी’ में आने वाले छात्रों की मदद करता है।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम को 19 अगस्त को लिखे पत्र में तिवारी ने निर्देश दिये थे कि तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी 75 दिन के अंदर दी जाए।
उन्होंने दो मिनी बसों की खरीद के लिये 19.90 लाख रुपये आवंटित किये हैं। सिंह ने रविवार को कहा कि बसों से छात्रों की समस्याएं कम होंगी।
उन्होंने कहा, “अपने कार्यकाल के दौरान मैंने प्रशासन के समक्ष डीयू में पढ़ रहे दिव्यांग छात्रों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। हालांकि, प्रशासन बजट कम होने की बात कहता रहा। सांसद कोष से दो बसों की खरीद से छात्रों की समस्याएं निश्चित रूप से कम होंगी।”
उन्होंने कहा कि ये बसें दिव्यांग छात्रों को उनके हॉस्टलों से लेकर आएंगी।


Download Android App
Download iOS App



