नई दिल्ली : विधानसभा चुनाव को नजदीक आते देखकर अरविंद केजरीवाल की ओर से की जा रही मुफ्त घोषणाओं पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने लोकसभा में करारी हार के बाद अब विधानसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए झूठ की नई दुकान खोल ली है जिसमें से हर रोज एक झूठी घोषणाएं कर दिल्ली के लोगों में भ्रम फैला रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि क्या केजरीवाल ने 2015 के चुनाव के दौरान मुफ्त वाई-फाई की घोषणा करने से पहले ऐसे प्रपोजल के बारे में सोचा था। उन्होंने कहा कि मुफ्त वाई-फाई को पूरा करने में भी समय लगेगा यानी केवल दिल्ली के लोगों के सामने ढोंग कर केजरीवाल यह बताना चाहते हैं कि वे सारे काम करने का दिखावा कर रहे हैं, लेकिन काम न होने पर साढ़े चार साल से इसका ठीकरा भाजपा पर भोड़ते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल आखिर झूठ के सहारे कब तक राजनीति करते रहेंगे। दिल्ली की जनता उनके हर प्रकार के झूठ को समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की राजनीतिक विदाई के लिए तत्पर है। तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता सबका साथ सबका विकास और सभी का विश्वास चाहती है और उसी पर मुहर लगाते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः देश का प्रधानमंत्री चुना है।


Download Android App
Download iOS App



