जबलपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह आज दावा किया कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के कई बड़े नेता व पदाधिकारी लगातार उनके संपर्क में हैं और चुनाव के ठीक पहले भाजपा का दामन थाम सकते हैं। श्री सिंह ने जबलपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह दावा किया। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ यथार्थ की उपेक्षा कर रहे हैं और वैशाखियों के सहारे सपने में ही सरकार बना लेना चाहते हैं।
उन्होंने राफेल विमान के मुद्ददे पर कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के इस रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके इस अभियान ने ऐसे देशों को मदद मिलेगी, जो भारत के शुभचिंतक नहीं हैं। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए प्रदेश में अनुकूल माहौल है और मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन यह साबित करता है कि प्रदेश की जनता फिर से उनकी सरकार बनाएगी।
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी प्रक्रिया चालू है। पार्टी उसी को अपना उम्मीदवार बनाएगी, जो चुनाव में जीतने की क्षमता रखता है। श्री सिंह ने कम्प्यूटर बाबा द्वारा राज्यमंत्री का दर्जा वापस करने के सवाल पर कहा कि उन्हें और किसी को भी जबरदस्ती यह दर्जा नहीं दिया गया था। वे अपनी इच्छा से ही आए थे।


Download Android App
Download iOS App



