Mayor Pravesh Wahi Pooth Khurd Visit: दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को वार्ड नंबर-29 स्थित पूठ खुर्द क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि तय समय में काम पूरा न होने पर वे स्वयं दोबारा निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने प्रहलादपुर गांव में गंदगी और जल निकासी की समस्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने दिल्ली नगर निगम और पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को समन्वय बनाकर नालों को आपस में जोड़ने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
गोबर गैस संयंत्रों के उपयोग पर जोर
अधिकारियों ने भी एक सप्ताह में काम पूरा करने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने बरवाला स्थित निगम विद्यालय का भी निरीक्षण कर चारदीवारी ठीक कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए महापौर ने डेयरियों का गोबर नालियों में न बहाने की अपील की। उन्होंने बताया कि दिल्ली में गोबर के निस्तारण के लिए गोबर गैस संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जहां इससे गैस और खाद तैयार की जा रही है। महापौर ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है और सभी जनप्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्थानीय पार्षद व निगम अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
यह भी पढ़ें-गर्मियों में पेजयल प्रबंधन को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


Download Android App
Download iOS App




