Mehrauli Rape Murder Accused Encounter : महरौली थाना क्षेत्र में फुटपाथ से 10 साल की बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म और हत्या करने वाले कैब चालक को पुलिस ने मंगलवार रात एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। वारदात के आरोपित बबलू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Delhi Mehrauli Encounter : कैसे हुई मुठभेड़

कोर्ट से रिमांड पर मिलने के बाद पुलिस की एक टीम रात को उसे जांच के सिलसिले में मांडी रोड पर उस सुनसान जगह लेकर गई थी, जहां उसने कैब रोककर मासूम के साथ दरिंदगी की थी।
तभी मौके पर कैब से उतरते वक्त आरोपित बबलू ने एक सब-इंस्पेक्टर की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उसे ललकारा और पीछा किया, तो उसने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से भी दो राउंड गोलियां चलाई गईं।
इसमें से एक गोली आरोपी के पैर में और दूसरी उसकी कमर के ऊपर जा लगी। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
Child Rape Murder Case Delhi: क्या है आरोपी पर आरोप

मूल रूप से बिहार के छपरा का रहने वाला पीड़ित परिवार दिल्ली के महरौली में किराए पर रहता था। आर्थिक तंगी के चलते मकान छोड़ना पड़ा, जिसके बाद पूरा परिवार छतरपुर 100 फुटा रोड पर एक ‘कैश फॉर गोल्ड’ दुकान के सामने फुटपाथ पर रात गुजारने लगा।
परिवार में माता-पिता के अलावा चार बच्चे हैं। दोनों माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी 10 साल की बड़ी बेटी छतरपुर इलाके में गुब्बारे बेचती थी। आशंका है कि कैब चालक अक्सर इस रूट से गुजरता था और उसे पता था कि परिवार इसी जगह सोता है।
Accused Shot in Police Encounter : सीसीटीवी और मोबाइल डेटा से खुला केस
सोमवार तड़के करीब 5 बजे पुलिस को फुटपाथ से बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी। पिता ने पुलिस को बताया कि सफेद रंग की वैगनआर कार का ड्राइवर उनकी बेटी को उठाकर भागा है। महरौली थाना एसएचओ की देखरेख में बनी स्पेशल टीम ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के 4-5 किलोमीटर के दायरे का मोबाइल टावर डेटा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच में पता चला कि रात 3:30 से 4:30 बजे के बीच उस इलाके में करीब 20 कैब रुकी थीं। पुलिस ने एक-एक कर सभी ड्राइवरों की कुंडली खंगाली, जिसके बाद बबलू का नंबर और लोकेशन संदिग्ध पाई गई।
पुलिस ने जब उसकी मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया, तो वह पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में मिली। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।


Download Android App
Download iOS App




