मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि कमलनाथ की ‘ठीक करने वाली मानसिकता’ को ठीक कर दिया जाएगा। बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा क्षेत्र के किरनापुर में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में गुरुवार को आयोजित सभा में शिवराज ने कहा, ‘कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ बार-बार ठीक करने की बात करते हैं। वे किसको ठीक करेंगे, क्या संघ को ठीक करेंगे, क्या जनता को ठीक करेंगे, हम कांग्रेस और कमलनाथ की इस ठीक करने वाली मानसिकता को ही ठीक कर देंगे।’
मुख्यमंत्री ने हाल में कमलनाथ द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान का जिक्र करते हुए कहा, ‘महिलाओं का यह अपमान भाजपा की सरकार बिल्कुल सहन नहीं करेगी। हमारे देश में, हमारे मध्यप्रदेश में महिलाओं को मान-सम्मान दिया जाता है, बेटियों को पूजा जाता है। वे गंगा, गीता, गायत्री हैं, वे लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा हैं। उनके लिए इस तरह की भाषा अशोभनीय है।’
मुख्यमंत्री ने विपक्षी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने 54 वर्षो तक प्रदेश में राज किया। वर्ष 2003 से पहले 10 वर्षो तक कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने प्रदेश को गड्ढों का प्रदेश बना दिया था, अंधेरे का प्रदेश बना दिया था। किसानों को सिचाई के लिए पानी नहीं मिलता था, मां-बेटियों को दूर-दूर से पीने का पानी लाना पड़ता था। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को पूरी तरह से तबाह कर दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार ने प्रदेश को आबाद किया है।’


Download Android App
Download iOS App



