Delhi Metro : दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने का सबसे बड़ा असर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम से रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले हजारों नौकरीपेशा लोगों पर पड़ा। गुरुवार सुबह अचानक हुए बदलावों के कारण बड़ी संख्या में यात्री बीच रास्ते में फंस गए। कई लोगों को वैकल्पिक स्टेशनों का सहारा लेना पड़ा, जबकि ऑटो और कैब से सफर करने वालों को सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक किराया चुकाना पड़ा। स्थिति को देखते हुए दिल्ली की कई कॉरपोरेट कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दे दी। मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने के कारण हजारों कर्मचारी बस, कैब और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचे। इससे दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे सहित प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया। कई यात्रियों को समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाने के कारण अतिरिक्त समय और धन दोनों खर्च करने पड़े। एक दिन की इस स्थिति ने फिर साबित कर दिया कि गुरुग्राम और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो सबसे बड़ी लाइफलाइन है।
कैब का किराया दोगुना, यात्रियों ने जताई नाराजगी
सेक्टर-81 निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह शाम को जोर बाग से मेट्रो पकड़कर इफ्को चौक पहुंचे, लेकिन वहां से घर जाने के लिए कैब का किराया सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुना देना पड़ा। उन्होंने कहा कि मेट्रो में भी सामान्य से कम सेवाएं होने के कारण सफर प्रभावित रहा।
यात्री भावना शर्मा ने कहा कि वह दिल्ली से गुरु द्रोणाचार्य स्टेशन तक नियमित यात्रा करती हैं, लेकिन लगातार हो रही देरी, अनिश्चितता और भीड़भाड़ के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं प्राची, जो रोजाना नोएडा से गुरुग्राम कार्यालय आती हैं, ने बताया कि जिन स्टेशनों पर सेवाएं जारी रहीं वहां यात्रियों की संख्या काफी अधिक थी, जिससे यात्रा का समय बढ़ गया।
उत्तम नगर निवासी सौरभ जोशी ने कहा कि वह प्रतिदिन गुरुग्राम तक मेट्रो से सफर करते हैं। पिछले कुछ दिनों से बार-बार सेवाएं प्रभावित होने और स्टेशनों के अस्थायी रूप से बंद रहने से नियमित यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पीक आवर्स में ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाई जाए।
रोजाना 1.8 लाख लोग करते हैं सफर
डीएमआरसी के आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम से प्रतिदिन करीब 1.8 लाख यात्री दिल्ली के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन से रोजाना 60 से 70 हजार, सिकंदरपुर इंटरचेंज से 45 से 55 हजार तथा इफ्को चौक, एमजी रोड और गुरु द्रोणाचार्य स्टेशनों से संयुक्त रूप से 50 से 60 हजार यात्री दिल्ली की ओर रवाना होते हैं। सुबह 8 बजे से 10:30 बजे के बीच सबसे अधिक भीड़ रहती है। इसी दौरान स्टेशनों के बंद रहने से यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।



Download Android App
Download iOS App




