नई दिल्ली : पहाड़गंज पुलिस ने आधी रात बिना लाइसेंस चल रहे एक बार में छापेमारी की। बार में म्यूजिक की धुन पर लड़की-लड़के जाम छलका रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बार के अंदर वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। पुलिस को देखकर बार में मौजूद कपल वहां से पुलिस को अपना नाम-पता बताए बिना ही चले गए।
बार संचालक ने पुलिस को बार का लाइसेंस दिखाया, मगर उसकी वैधता निकल चुकी थी, जिसके बाद पहाड़गंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस देर रात सूचना मिली थी कि पहाड़गंज के मुख्य बाजार स्थित एक बार रेस्टोरेंट में आधी रात पौने दो बजे भी लोगों की आवाजाही हो रही है। सूचना मिलते ही पीसीआर कर्मी वहां पहुंचे तो बार के अंदर लड़के लड़कियां मौजूद थे। पुलिसकर्मियों ने पूरे माहौल का सबूत इकठ्ठा करने के लिए मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की।
यह देखकर वहां मौजूद कपल बाहर निकलकर अपनी गाड़ियों में बैठकर भाग गए। उसके बाद बार में काम कर रहे अशोक नगर निवासी अखिलेश पाठक से पुलिस ने पूछताछ की। पता चला कि उसने यह बार कमिशन पर लिया है। बार का मालिक ईस्ट पटेल नगर निवासी अमनदीप सिंह है। उसके पास ही बार का लाइसेंस है।
पुलिस ने बार लाइसेंस की कॉपी दिखाने को कहा तो उसने लाइसेंस की फॉटोकॉपी लाकर दिखाई। मगर इस लाइसेंस की अवधि 31 मार्च तक ही थी। वहीं एमसीडी लाइसेंस भी 31 मार्च तक ही वैध था। उसने बताया कि उसने बार लाइसेंस के लिए दिल्ली पुलिस व एमसीडी में एप्लाई किया है।


Download Android App
Download iOS App



