नयी दिल्ली : पश्चिमोत्तर दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में अपने पिता की कार चला रहे 16 वर्षीय एक लड़के ने 25 वर्षीय बावर्ची को कथित रूप से टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित की पहचान मनजीत उर्फ जॉनी के रूप में की गई है। हादसा मंगलवार को हुआ था और गंभीर रूप से घायल मनजीत की कल मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि नाबालिग एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है और वह अपने पिता की कार से घूमने निकला था। उन्होंने बताया कि नाबालिग पर तेज गति से वाहन चलाने का आरोप है। जब मनजीत सेक्टर 11 के ट्रैफिक सिग्नल के पास सड़क पार कर रहा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। पीड़ित को बीएसए अस्पताल ले जाया गया और हालात और खराब होने पर उसे महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया जहां कल सुबह उसकी मौत हो गई। पीड़ित एक स्थानीय भोजनालय में बावर्ची का काम करता था। नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पिता के खिलाफ भी नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने के आरोप में मोटर वाहन कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



