अनधिकृत कॉलोनी का ठप्पा मोदी जी ने मिटा दिया : जावड़ेकर

Summary :

जावड़ेकर ने कहा उसका नोटिफिकेशन और ऑनलाइन का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके साथ दूसरे बड़े फैसले में 105 मार्केट के 50 हजार से अधिक दुकानदारों के कन्वर्जन चार्ज माफ कर दिए गए और छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत दी।

नई दिल्ली : मोदी सरकार ने दिल्ली के नागरिकों के कल्याण के लिए बहुत अहम और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, 40 लाख लोगों के माथे पर जो अनधिकृत कॉलोनी का ठप्पा लगा था उसे मोदी जी ने मिटा दिया है, अब सब अधिकृत हो गए हैं, जहां रहते हैं उसके मालिक हो गए हैं और उनकी रजिस्ट्री भी जल्द शुरू होगी। 
यह बात केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को नई दिल्ली शहरी क्षेत्र के शहरी केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। जावड़ेकर ने कहा कि उसका नोटिफिकेशन और ऑनलाइन का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके साथ-साथ दूसरे बड़े फैसले में 105 मार्केट के 50 हजार से अधिक दुकानदारों के कन्वर्जन चार्ज माफ कर दिए गए हैं और छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत दी है। 
तीसरे ऐतिहासिक फैसले में 4 लाख से अधिक घरों में घरेलू उद्योग हैं जिनको प्रदूषण, निगम और लेबर विभाग से एनओसी अब नहीं लेनी पड़ेगी, सभी को कानून का पालन करना पड़ेगा, एनओसी के नाम पर भ्रष्टाचार का दरबाजा बंद कर दिया है। 
बता दें कि अगामी विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली के मतदाताओं को जागरूक कर सगंठन का काम देखने वाले शहरी केंद्र प्रमुख सम्मेलन का आयोजन बड़े स्तर पर दिल्ली के सभी सातों लोकसभा सीटों पर किया। 
इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, सरोज पांडेय, दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मनोज तिवारी, डॉ. हर्षवर्धन, समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
 79 गांवाें को शहरीकृत गांव का मिला दर्जा
जावड़ेकर ने कहा कि चौथे बड़े फैसले में मोदी जी ने 79 गांव को शहरीकृत गांव का दर्जा दिया है, जिससे 10 लाख से अधिक लोगों और गांव के किसानों को बड़ा फायदा होने वाला है। पांचवां महत्वपूर्ण फैसला समायोजन का है अब 200 गज तक के प्लाट का समायोजन हो सकता है, जैसे कि 200 गज तक के प्लाट साथ-साथ हैं उन्हें जोड़कर मकान बना सकते हैं, इसका फायदा लाखों लोगों को होगा।
बूथ ही हमारी असली ताकत 
जावड़ेकर ने कहा कि बूथ ही हमारी असली ताकत है आज 18 करोड़ सदस्यों के साथ भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है। लोकसभा चुनाव में दिल्ली के 13,816 बूथों में से भाजपा को लगभग 12 हजार से अधिक बूथों पर बढ़त मिली थी, जिसको हमें कायम रखना है। दिल्ली की जनता मोदी जी के साथ है, भाजपा के साथ है।
हर रोज पांच घरों में जाकर संवाद करे बूथ कार्यकर्ता
जावड़ेकर ने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं को हर रोज पांच घरों में जाकर उनसे संवाद स्थापित करना है, मोदी सरकार के पांच ऐतिहासिक निर्णयों के पत्रक उनको देना है और उनसे बात करके मतदान करने के लिए भाजपा के पक्ष में आह्वान करना है। जो मतदाता नहीं बने हैं उनके नये वोट बनाने हैं।
नक्शे भी तैयार नहीं करा पाई केजरीवाल सरकार 
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मुझे दुख होता है कि 2015 से 17 तक कई कोशिशों और मीटिंग के बावजूद दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को पास करना तो दूर उनके नक्शे भी तैयार नहीं करा पाई।

Desk Team