नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी चार जुलाई को इजरायल की यात्रा पर जाएंगे जहां वह इजरायली नेताओं के साथ द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली इजरायल यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री मोदी चार से छह जुलाई तक इजरायल की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अलावा राष्ट्रपति रिवलिन से भी मुलाकात करेंगे। वह हैफा में भारतीय शहीद सैनिकों के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने भी जाएंगे और तेल अवीव में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे।
भारत और इजरायल के बीच कूटनीतिक संबंध 1992 में स्थापित हुए थे। तब से दोंनों देशों के बीच यह मित्रता बहुआयामी साझेदारी में तब्दील हो चुकी है। दोनों देश इस वर्ष अपने कूटनीतिक संबंधों की 25 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, ऐसे मौके पर प्रधानमंत्री की इजरायल यात्रा दोनों देशों को परस्पर हितों से जुड़े क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने का अवसर देगी।


Download Android App
Download iOS App





