नई दिल्ली : स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाए बिना समाज का विकास नहीं हो सकता। यह कहना है दिल्ली के आप संयोजक व श्रम मंत्री गोपाल राय का। गुरुवार को महरौली विधानसभा में जनसंवाद करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों का स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है। मोहल्ला क्लिनिक ने लोगों की ज़िंदगी को आसान बनाया है। यहां अच्छे डॉक्टर इलाज़ करते हैं। जांच और दवाइयां बिल्कुल मुफ्त है।
उन्होंने बताया कि इस तरह की व्यवस्था देश में कही भी नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यह तभी संभव हो पाया जब आपने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया है। वहीं संवाद में आए लोगों ने मोहल्ला क्लीनिक की तारीफ की। जन संवाद में आए कुंदन ने बताया कि देश के अन्य राज्यों में जहां स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार गिर रही हैं वहीं दिल्ली में सुविधाएं बेहतर हो रही है।
यहां सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक जैसे सफल प्रयोग किए हैं जिसकी मदद से लोगों को लंबी लाइनें में लगने की जरूरत नहीं रही। वहीं एक एक महिला ने कहा कि अब हमें इलाज़ के लिए कहीं और भटकना नहीं पड़ता, हमारा मोहल्ला क्लीनिक बहुत अच्छा है इसमें बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सबका इलाज़ होता है। देवप्रकाश ने बताया कि मोहल्ला क्लीनिक में हर रोग के अलग-अलग डॉक्टर हैं।
जो समय से क्लीनिक आते हैं जिससे मरीजों को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता। जनसंवाद में आए कृष्णचन्द्र ने बताया कि मोहल्ला क्लीनिक के कारण सरकारी अस्पतालों पर बोझ कम हुआ है अब वहां पहले के मुकाबले कम भीड़ होती है।


Download Android App
Download iOS App



