मुफ्त यात्रा योजना पर अब तक हुईं 200 से ज्यादा जनसभाएं

Summary :

दिल्ली सरकार का हर मंत्री, विधायक, पार्षद और महिला विंग की सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक जनसभाएं करके लोगों की राय ले रही हैं।

नई दिल्ली : महिलाओं को बसों और मेट्रो में मुफ्त यात्रा कराने वाली महत्वकांक्षी योजना को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित उनके मंत्रिमडंल के सहयोगी और सभी विधायक पूरे जोरजोर के साथ मैदान में जुटे हुए हैं। इस योजना पर लोगों के विचार जानने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) अभी तक 200 से ज्यादा जनसभाओं और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर चुकी है। दिल्ली सरकार का हर मंत्री, विधायक, पार्षद और महिला विंग की सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक जनसभाएं करके लोगों की राय ले रही हैं।
दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष और संगम विहार से विधायक दिनेश मोहनिया ने शनिवार और रविवार को संगम विहार के के और आई-टू ब्लॉक में मुफ्त यात्रा योजना पर लोगों की राय जानी। उन्होंने बताया कि अभी तक मैं अपने क्षेत्र में पांच से ज्यादा जनसभाएं कर चुका हूं। योजना को लेकर लोगों का अच्छा रेस्पांस मिल रहा है। महिलाएं इस योजना को अपने जीवन में बड़े बदलाव के रूप में देख रही हैं। पुरुष भी अपने लिए योजना लागू करने की बात कह रहे हैं। मोहनिया ने बताया पहले सरकार महिलाओं के लिए योजना लागू करेगी बाद में पुरुषों के लिए विचार किया जायेगा। 
इस दौरान उन्होंने पुरुषों को योजना के लाभ समझाते हुए बताया कि यदि आप की पत्नी, बहन और बेटी को मेट्रो और बसों में मुफ्त यात्रा करने का मौका मिलेगा तो आखिकार बचत आपके पैसे की ही होगी। इस योजना के लागू होने से आपके घर खर्च में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि अब तक के सर्वे के मुताबिक दिल्ली की लगभग 95 प्रतिशत जनता सीएम की इस घोषणा से खुश है। उनका मानना है कि इससे महिलाओं को यात्रा करने में एक सुरक्षित माहौल मिलेगा और गरीब परिवार की महिलाएं भी सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर दूरदराज के क्षेत्रों में भी रोजगार के लिए आसानी से जा सकेंगी। 

Desk Team