Namo Bharat Hits 3 Crore Mark: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के संपूर्ण खंड के परिचालित होने के कुछ ही महीनों के भीतर इसने तीन करोड़ यात्री ट्रिप्स का आंकड़ा पार कर लिया है, जो एनसीआर में क्षेत्रीय परिवहन के लिए एक बड़ा माइलस्टोन है। पिछले दो वर्षों में अपनी उत्कृष्ट यात्रा सेवा से नमो भारत ने यात्रियों के विश्वास को लगातार जीता है, जो यात्री संख्या में भारी वृद्धि में साफ तौर पर प्रदर्शित होता है। लोग यात्रा करने के लिए एक तेज, सुरक्षित और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन के तौर पर आज नमो भारत को चुन रहे हैं। गत 22 फरवरी को प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो के साथ संपूर्ण दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया था, तब से राइडरशिप की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आम दिनों में लगभग 90,000 से 1,14,000 यात्री दैनिक रूप से यात्रा कर रहे हैं जबकि रविवार को यह संख्या लगभग 85,000 तक रहती है।
परिचालन का विस्तार और यात्री संख्या में वृद्धि
नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन का आरंभ साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड के उद्घाटन के बाद 21 अक्टूबर 2023 को हुआ था। इस खंड पर परिचालन के एक महीना पूरा होने के बाद नवंबर 2023 में, यात्रियों की संख्या 72,000 से ज्यादा दर्ज की गई। इसके बाद पहले मार्च 2024 में मोदीनगर नॉर्थ तक और फिर अगस्त 2024 में मेरठ साउथ तक के खंड पर इस सेवा का विस्तार किया गया, जिसके साथ ही नौ स्टेशनों के साथ परिचालित खंड बढ़कर 42 किलोमीटर लंबा हो गया। हर खंड के परिचालन के साथ यात्रियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि होती रही। दिसंबर 2024 तक औसत मासिक राइडरशिप लगभग सात लाख तक पहुंच गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में रिकॉर्ड की गई राइडरशिप की तुलना में लगभग दस गुना अधिक थी।


Download Android App
Download iOS App




