Congress : कांग्रेस और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के अन्य घटक दल शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी ( NEET ) से जुड़ी कथित अनियमितता का मुद्दा उठाने का फैसला किया है।
सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दलों के सदस्य राज्यसभा में 267 के तहत और लोकसभा में कार्यास्थगन के नोटिस देकर नीट के मामले पर चर्चा एवं सरकार से जवाब की मांग करेंगे।
विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक में यह फैसला किया गया
सूत्रों ने यह भी बताया कि विपक्षी दल संसद में शुक्रवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर शुरू हो रही चर्चा में भी भाग लेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस की काकोली घोष दस्तीदार, द्रमुक की कनिमोझी, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत औेर कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी ने व्हाट्सअप चैनल पर किया पोस्ट
बैठक के बाद राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सअप चैनल पर पोस्ट किया, ‘‘आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में ‘इंडिया’ जनबंधन में शामिल सभी दलों के सदन के नेताओं की बैठक में सम्मिलित हुआ। हम सभी एकजुटता के साथ सदन में जनता के मुद्दों एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दल शुक्रवार को नीट के मुद्दे को उठाएंगे और दोनों सदनों में नोटिस भी देंगे। विपक्षी दल संसद में महंगाई और ‘अग्निपथ’ योजना जैसे विषय भी उठा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




