NEET Student Suicide: राजस्थान के कोचिंग हब कहे जाने वाले कोटा में नीट की तैयारी कर रहे झारखंड के एक छात्र ने अपने होस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कोटा में रहकर NEET (यूजी) के लिए कर रहा था कोचिंग
मृतक की पहचान ऋषित अग्रवाल (17) के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा में पढ़ता था और कोटा में रहकर नीट (यूजी) के लिए कोचिंग कर रहा था।
गुरुवार की दोपहर जब वह लंच के लिए बाहर नहीं आया तो होस्टल के कर्मचारियों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई तो ऋषित को फंदे से झूलता पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
झारखंड के देवघर का रहने वाला था
इंस्पेक्टर नरेश मीणा ने मीडिया को बताया, ऋषित अग्रवाल मूल रूप से झारखंड के देवघर का रहने वाला था और कोटा में नीट की तैयारी कर रहा था। जब वह गुरुवार को दोपहर के खाने के लिए बाहर नहीं आया तो होस्टल के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्हें कुछ अजीब लगा। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
आत्महत्या की यह 11वीं घटना
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के कोटा आने पर पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इस साल कोटा में किसी छात्र की आत्महत्या की यह 11वीं घटना है। पिछले साल छात्रों द्वारा खुदकुशी के 26 मामले सामने आये थे।


Download Android App
Download iOS App



