Highlights:
- संसद में विपक्षी दलों से निपटने के लिए भाजपा कर रही पूरी तैयारी
- भाजपा दिल्ली स्थित हेडक्वार्टर में अपने सांसदों को दे रही प्रशिक्षण
- सांसदों को सिखाया जा रहा कि संसद में मुद्दों को किस तरह से उठाना चाहिए, अपनी बात कैसे रखनी चाहिए
संसद के दोनों सदनों में शुक्रवार से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी है। भाजपा ( BJP ) की तरफ से लोकसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्यसभा में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं।
संसद में संख्याबल बढ़ने से उत्साहित विपक्षी दल घेरने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब लोकसभा में 2 जुलाई और राज्यसभा में 3 जुलाई को दे सकते हैं।
लोकसभा चुनाव में संख्या बल बढ़ने से उत्साहित विपक्षी दल नीट और महंगाई सहित कई अन्य मुद्दों पर एकजुट होकर सरकार को संसद में घेरने की तैयारी कर रहे हैं। इसके जवाब में भाजपा ( BJP ) भी अपनी रणनीति को पुख्ता कर जोरदार पलटवार करने के लिए अपने सांसदों को ट्रेनिंग दे रही है।
भाजपा ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में अपने सांसदों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है। इस शिविर में प्रशिक्षण देने के लिए पार्टी के 80 के लगभग लोकसभा सांसदों को बुलाया गया है।
BJP की रणनीति और स्टैंड से सांसदों को कराया जा रहा अवगत
भाजपा ( BJP ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और वरिष्ठ नेता इन सांसदों को संसदीय व्यवहार को लेकर प्रशिक्षण देते हुए यह बताएंगे कि संसद में मुद्दों को किस तरह से उठाना चाहिए, अपनी बात कैसे रखनी चाहिए और विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब कैसे देना चाहिए।
वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष सांसदों को मुद्दों की गहराई, गंभीरता, सरकार की उपलब्धियों और मुद्दों पर पार्टी की रणनीति और स्टैंड से अवगत कराएंगे। आने वाले दिनों में पार्टी अपने अन्य सांसदों के लिए भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करेगी।


Download Android App
Download iOS App




