वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात : वाराणसी में हर्ष का माहौल, लोगों में उत्साह

Summary :

वाराणसी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन आज यानी शनिवार से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रेन न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। आज इसके भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारियां वाराणसी जंक्शन पर पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने आईएएनएस को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी से नई दिल्ली के लिए चलने वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन उत्तर प्रदेश…

वाराणसी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन आज यानी शनिवार से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रेन न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। आज इसके भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारियां वाराणसी जंक्शन पर पूरी कर ली गई हैं।

इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने आईएएनएस को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी से नई दिल्ली के लिए चलने वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत होगी।

सुमित कुमार ने कहा, “वाराणसी से नई दिल्ली के लिए जो वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलने वाली है, वह उत्तर प्रदेश की पहली ट्रेन होगी। इसके उद्घाटन के लिए आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री आ रहे हैं। उनके साथ राज्य सरकार के कई मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया जाएगा।”

उन्होंने आगे बताया कि केवल वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत ही नहीं, बल्कि दो अन्य सेवाओं का भी आज उद्घाटन किया जाएगा। इनमें से एक कार्यक्रम वाराणसी जंक्शन पर और दूसरा प्रयागराज के रामबाग स्टेशन पर आयोजित होगा। प्रयागराज रामबाग में होने वाले कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी शामिल होंगे।

वर्तमान में वाराणसी जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल है। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर खड़ी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। स्टेशन परिसर को फूल-मालाओं, बैनरों और स्वागत द्वारों से सजाया गया है। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात किए गए हैं।

तैयारियों को लेकर सुमित कुमार ने कहा, “इन सभी कार्यक्रमों को लेकर बहुत अच्छी तरह तैयारियां चल रही हैं। यहां देख भी सकते हैं, काफी उत्सव जैसा माहौल है। लोगों में बहुत हर्ष है और ट्रेन को लेकर काफी उत्साह है। वाराणसी को आज एक नई सौगात मिलने जा रही है, जो आज के दिन के लिए ऐतिहासिक है।”

कार्यक्रम के समय को लेकर उन्होंने बताया कि दोपहर साढ़े तीन बजे से समारोह की शुरुआत होगी, जबकि ट्रेन को हरी झंडी शाम करीब पांच बजे दिखाई जाएगी।

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.