60 रुपये के गन्ने के जूस को लेकर भिड़े निहंग भाई, तलवार से वार कर कर्मचारी का काटा हाथ

Summary :

Delhi News : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड स्थित बाहरी गेट के पास गुरुवार सुबह महज 60 रुपये के गन्ने के जूस को लेकर हुए विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो निहंग भाइयों ने कथित तौर पर तलवार निकाल ली। आरोप है कि बहस के दौरान एक भाई ने जूस की दुकान पर काम करने वाले 35 वर्षीय कर्मचारी पर तलवार से वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के बाएं हाथ में कलाई से कुछ ऊपर गहरा कट लग गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया…

Delhi News : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड स्थित बाहरी गेट के पास गुरुवार सुबह महज 60 रुपये के गन्ने के जूस को लेकर हुए विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दो निहंग भाइयों ने कथित तौर पर तलवार निकाल ली। आरोप है कि बहस के दौरान एक भाई ने जूस की दुकान पर काम करने वाले 35 वर्षीय कर्मचारी पर तलवार से वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के बाएं हाथ में कलाई से कुछ ऊपर गहरा कट लग गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

डीसीपी रोहित राजबीर के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:08 बजे शुगरकेन जूस की दुकान के पास हुई। पीसीआर कॉल मिलने के बाद कमला मार्केट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल कर्मचारी को पीसीआर स्टाफ ने उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने एमएलसी तैयार कर चोट की प्रकृति को फिलहाल निगरानी में रखा है।

50 रुपये देने पर अड़े थे दोनों

जांच में सामने आया कि पंजाब के जालंधर निवासी गगनदीप सिंह (21) और बलजीत सिंह (30) दोनों सगे भाई हैं। दोनों अमृतसर से ट्रेन के जरिए दिल्ली आए थे। रात में उन्होंने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब में ठहराव किया था। इसके बाद गुरुवार सुबह वे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, जहां से उन्हें धार्मिक यात्रा के लिए महाराष्ट्र के नांदेड़ जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान दोनों ने स्टेशन के बाहर गन्ने के जूस की दुकान पर जूस पिया। दो गिलास जूस की कीमत 60 रुपये बताई गई, लेकिन दोनों भाई 50 रुपये देने पर अड़ गए। इसी बात को लेकर दुकान कर्मचारी से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि गगनदीप ने तलवार निकालकर कर्मचारी पर वार कर दिया।

दोनों के पास थी तलवार

घटना के समय दोनों भाइयों के पास तलवारें थीं। वार के बाद कर्मचारी के हाथ से खून निकलने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों तलवारें लेकर रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर तक कैसे पहुंचे और उनके पास इन्हें रखने का क्या आधार था। पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके की जांच के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

Sumant Chaudhary