दिल्ली में Odd-Even योजना के दौरान ओला-उबर में ‘सर्ज प्राइसिंग’ नहीं

Summary :

दिल्ली में चार नवंबर से शुरू हो रही सम-विषम योजना के दौरान ओला और उबर जैसी कैब संचालित करने वाली कंपनियां सर्ज प्राइसिंग (मांग बढ़ने के साथ किराये में बढ़ोतरी) लागू नहीं करेंगी।

दिल्ली में चार नवंबर से शुरू हो रही सम-विषम योजना के दौरान ओला और उबर जैसी कैब संचालित करने वाली कंपनियां सर्ज प्राइसिंग (मांग बढ़ने के साथ किराये में बढ़ोतरी) लागू नहीं करेंगी। ओला ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि वह प्रदूषण नियंत्रण के लिये दिल्ली सरकार की पहल में सहयोग देगी। सम-विषम योजना को लागू करने से साझा गतिशीलता की सुविधा को परखने का भी अवसर मिलेगा। 
ओला के मुख्य बिक्री एवं विपणन अधिकारी अरुण श्रीनिवास ने कहा, “यात्रियों को अधिकतम और निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराने के अपने सतत प्रयास के तहत हमने तय किया है कि सम-विषम योजना के दौरान ओला पर बुक की गई कैब के लिये सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी। हम सभी चालकों-साझेदारों, यात्रियों और नागरिकों से अनुरोध करते हैं कि वह इस योजना के तीसरे संस्करण को सफल बनाने के लिये इसमें भागीदारी करें।” 
पिछले महीने उबर ने भी ऐलान किया था कि वह राष्ट्रीय राजधानी में सम-विषम योजना के दौरान सर्ज प्राइसिंग को लागू नहीं करेगी। उबर के प्रवक्ता ने कहा था, “हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सम-विषम योजना के दौरान हमारी ओर से आवाजाही सुगम रहे और हमनें इस दौरान सर्ज प्राइसिंग को निष्क्रिय रखने का फैसला किया है। हम दिल्ली सरकार के कदम का पूर्ण समर्थन करते हैं और इसकी सफलता की कामना करते हैं।”

सम-विषम योजना : 2000 अतिरिक्त बसें तैनात, मेट्रो 61 अतिरिक्त फेरे लगाएगी

Desk Team