केंद्रीय विद्यालय में सीरियल ब्लास्ट की सूचना से हड़कंप

Summary :

केंद्रीय विद्यालय गोल मार्केट में टाइम बम रखा गया है। जो शाम 4:30 से 5:30 बजे के बीच ब्लास्ट हो जाएगा। ये सीरियल बम हैं, जो 3, 4, 5 अक्टूबर को अलग-अलग केंद्रीय विद्यालय में ब्लास्ट होंगे।

नई दिल्ली : केंद्रीय विद्यालय गोल मार्केट में टाइम बम रखा गया है। जो शाम 4:30 से 5:30 बजे के बीच ब्लास्ट हो जाएगा। ये सीरियल बम हैं, जो 3, 4, 5 अक्टूबर को अलग-अलग केंद्रीय विद्यालय में ब्लास्ट होंगे। इसको मजाक न समझना ये सच है। मैने खुद तीन दहशतगर्दों की बातें सुनी है। 
आपको इंफार्म करके अपनी जिम्मेदारी से आजाद हो गया हूं। प्लीज बच्चों को बचा लो। केंद्रीय विद्यालय के एक टीचर को व्हाट्सएप पर मिले इस संदेश के बाद दिल्ली पुलिस के होश उड़ गए। डीसीपी न्यू दिल्ली ईश सिंघल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसएचओ नॉर्थ एवेन्यू ज्ञानेंद्र राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे शुक्रवार को दबोच लिया। 
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर बाजार निवासी शारिक अख्तर के रूप में हुई है। उसने पड़ोसी से झगड़े का बदला लेने के लिए उसके नाम से सिम लिया था। जिसके बाद उसी नंबर से केंद्रीय विद्यालय के एक शिक्षक कालू राम को तीन अक्टूबर को व्हाट्सएप पर टाइम बम की झूठी सूचना दी थी। जिसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल पंकज कुमार ने पुलिस में शिकायत दी थी।

Desk Team