नई दिल्ली : उन्नाव पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पिछले चार दिनों से लखनऊ में डेरा डाले दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश को धन्यवाद दिया और उम्मीद जाहिर की कि अब पीड़िता को न्याय जरूर मिलेगा। स्वाति ने गुरुवार के घटनाक्रम को यूपी सरकार विशेष रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा प्रहार बताया।
उन्होंने मांग कि मुख्यमंत्री योगी बलात्कार के आरोपी विधायक को दो साल से ज्यादा समय से बचाने और उसको गले लगाने के बजाय एक नाबालिग लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें। स्वाति ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्नाव पीड़िता पर यूपी सरकार को फटकार लगाई और पीड़िता और उसके परिवार को 25 लाख रुपए का अंतरिम मुआवजा देने का आदेश दिया।
वहीं पीड़िता, उसके परिवार और उसके वकील के परिवार को सीआरपीएफ द्वारा सुरक्षा प्रदान करने का भी आदेश दिया है। इसके साथ ही सभी मामलों को उत्तर प्रदेश से दिल्ली स्थानांतरित करने का आदेश दिया और ट्रायल कोर्ट को चार्जशीट जमा करने की तारीख से 45 दिनों में मुकदमे को पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं सीबीआई को सड़क दुर्घटना / हमले के मामले में 7 दिनों के भीतर जांच समाप्त करने के निर्देश दिए।


Download Android App
Download iOS App



