NSUI Protests St. Stephen College Dress Code : दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज में छात्रों के शॉर्ट्स पहनने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने कॉलेज के इस फैसले को छात्रों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों पर हमला बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। नएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद के अनुसार पहनने, खाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है।
उनका कहना था कि शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन, लोकतांत्रिक मूल्यों और आलोचनात्मक सोच का विकास करना होना चाहिए, न कि उनकी व्यक्तिगत पसंद पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाना। जाखड़ ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी संविधान में निहित मूल्यों पर विश्वास करती है और किसी भी प्रकार की नैतिक पुलिसिंग या वैचारिक दबाव को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को किसी विशेष विचारधारा के अनुरूप संचालित करने का प्रयास किया जाएगा तो एनएसयूआई उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
उन्होंने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विश्वविद्यालयों में आरएसएस के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा उठाए जाने का भी उल्लेख किया। जाखड़ ने कहा कि सेंट स्टीफंस कॉलेज का यह निर्णय उसी प्रवृत्ति का हिस्सा प्रतीत होता है, जिसके माध्यम से छात्रों की स्वतंत्रता और शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता पर वैचारिक नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
एनएसयूआई का कहना है कि विश्वविद्यालय लोकतांत्रिक संवाद, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के केंद्र होने चाहिए, न कि किसी विशेष विचारधारा के प्रचार का माध्यम। संगठन ने कॉलेज प्रशासन से शॉर्ट्स पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल वापस लेने, छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही एनएसयूआई ने दोहराया कि शिक्षण संस्थानों में छात्रों के अधिकारों को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का संगठन पुरजोर विरोध करेगा।



Download Android App
Download iOS App




