नवरात्रि के छठे दिन PM मोदी ने मां कात्यायनी को किया नमन, सोशल मीडिया पर साझा किया देवी स्तुति का भजन

Summary :

देशभर में चल रही नवरात्रि के छठे दिन (16 अक्टूबर) मां कात्यायनी को समर्पित है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मां कात्यायनी को नमन किया।

इन दिनों देशभर में नवरात्रि की धूम है, आज (16 अक्टूबर) नवरात्रि का छठा दिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां कात्यायनी को नमन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देवी स्तुति से जुड़े एक भजन का यूट्यूब लिंक साझा किया गया।

मां कात्यायनी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन- PM Modi

प्रधानमंत्री ने अपने इस पोस्ट में लिखा, “नवरात्रि की पवित्र षष्ठी पर मां कात्यायनी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन! मेरी कामना है कि उनकी अनुकंपा से हर किसी के जीवन में असीम शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।”

पीएम ने एक्स पोस्ट में आदि शंकराचार्य द्वारा रचित और माधवी मधुकर झा के गाए भजन ‘भवानी अष्टकम’ का यूट्यूब लिंक साझा किया। इस भजन में देवी महिमा का बखान किया गया है। मां से प्रार्थना की गई है कि हे देवी! तुम ही मेरी गति हो।

देवी की स्तुति भी साझा की

इससे पहले देवी की स्तुति करते हुए प्रधानमंत्री की ओर से सुभाषित भी साझा किया गया। प्रधानमंत्री की ओर से संस्कृत श्लोक, “तव च का किल न स्तुतिरम्बिके! सकलशब्दमयी किल ते तनुः। निखिलमूर्तिषु मे भवदन्वयो मनसिजासु बहिःप्रसरासु च॥” शेयर किया गया।

जिसका भावार्थ है कि हे जगदम्बिके! संसार में भला ऐसा कौन-सा शब्द है, जो आपकी स्तुति नहीं है? क्योंकि आपका स्वरूप तो समस्त शब्दों से बना है। हे देवी! मेरे मन में उठने वाले सभी विचारों और बाहर दिखाई देने वाली समस्त आकृतियों एवं मूर्तियों में मुझे आपका ही स्वरूप दिखाई देता है।

मां कात्यायनी को समर्पित नवरात्रि का छठा दिन

आपको बता दें कि नवरात्रि का छठा दिन मां कात्यायनी को समर्पित है। इस दिन देवी दुर्गा के छठे रूप मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। देवी की चार भुजाएं हैं, उनके एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में पुष्प है। इसके अलावा अन्य दोनों हाथ वरदा मुद्रा यानी कि वरदान देने वाली अवस्था और दूसरा अभय मुद्रा में हैं। माता की सवारी शेर है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।