Saudi Arab : सऊदी अरब के शहर मक्का में एक मस्जिद के भीतर कथित तौर पर अश्लील हरकत करने के दोषी ठहराए गए बांग्लादेशी कपल को मौत की सजा दी गई है। सऊदी गृह मंत्रालय ने इसे लेकर आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है।
सऊदी प्रेस एजेंसी के हवाले से जारी रिपोर्ट के अनुसार, निष्पादित किए गए नागरिकों की पहचान नजरुल इस्लाम अब्दुल बशीर और सिटी अख्तर के रूप में हुई है, जो दोनों बांग्लादेश के रहने वाले थे। सुरक्षा बलों ने मस्जिद की पवित्रता भंग करने और अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया था।
अदालत ने ‘ताजीर’ के तहत सुनाई सजा-ए-मौत
मामले की पूरी जांच के बाद दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया गया था। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता और इबादतगाह की गरिमा को पहुंचाए गए नुकसान को देखते हुए इस्लामिक कानून के तहत ‘ताजीर’ प्रावधान के अंतर्गत मृत्युदंड का फैसला सुनाया।
बता दें, इस्लामी कानून (शरिया) में ताज़ीर एक ऐसी सजा या प्रावधान है जो न्यायाधीश या राज्य के शासक द्वारा विवेक के आधार पर तय की जाती है, क्योंकि इसके लिए कुरान या हदीस में कोई निश्चित दंड पहले से निर्धारित नहीं होता है।
न्यायिक प्राधिकरण द्वारा फैसले की पुष्टि किए जाने और शाही आदेश जारी होने के बाद बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को मक्का क्षेत्र में सजा को अमल में लाया गया।
कानून का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी
सऊदी गृह मंत्रालय ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि सरकार देश में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, इंसाफ कायम करने और धार्मिक स्थलों की मर्यादा की रक्षा के लिए इस्लामिक कानूनों को सख्ती से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्रालय ने कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी भी दी है कि पवित्र स्थलों पर इस तरह के गंभीर अपराध या मर्यादा का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – Oregon School Shooting: अमेरिका में स्कूल के अंदर अंधाधुंध फायरिंग, 3 बच्चों समेत 4 की मौत, 16 साल का था हमलावर


Download Android App
Download iOS App




