नन से बलात्कार के आरोपी बिशप फ्रैंको मुलक्कल पूछताछ के लिए केरल पुलिस की विशेष जांच दल के समक्ष बुधवार को पेश हुए। केरल पुलिस की एसआईटी कोच्चि के निकट त्रिपुनितुरा में उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि समाचार चैनलों पर आये फुटेज में मुलक्कल तय समय से पांच मिनट पहले 10 बजकर 55 मिनट पर एक निजी कार से अपराध शाखा के कार्यालय पहुंचते दिखे। उन्होंने बताया कि एसआईटी प्रमुख के. सुभाष जलंधर के 54 वर्षीय बिशप से पूछताछ करेंगे।
पूछताछ शुरू करने से पहले एर्नाकुलम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विजय सखारे ने कोट्टायम के जिला पुलिस प्रमुख हरी शंकर तथा जांच अधिकारी सुभाष के साथ मिलकर जांच प्रक्रिया में प्रगति की समीक्षा की। नन ने कैथेलिक पादरी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 2014 से 2016 के बीच कई बार उससे बलात्कार किया। गौरतलब है कि मुलक्कल ने मंगलवार को केरल हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जिस पर 25 सितंबर को सुनवाई होगी।
मुलक्कल ने अग्रिम जमानत याचिका में दावा किया है कि उनके खिलाफ आरोप एक गढ़ी हुई कहानी है, जिसका उद्देश्य बदला लेना है। बिशप के जांच से सहयोग करने के बीच विभिन्न कैथोलिक सुधार संगठनों और ननों के एक समूह द्वारा मुलक्कल की गिरफ्तारी की मांग बुधवार 12 वें दिन भी जारी रही।


Download Android App
Download iOS App



