पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) आगामी शैक्षणिक सत्र से अपने 60 स्कूलों में नर्सरी कक्षाएं शुरू करेगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिक्षा समिति एवं स्थायी समिति की ओर से इस निर्णय को आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है। बजट में भी इसके लिए प्रावधान हो चुका है। पूर्वी निगम में स्थायी समिति के चेयरमैन सत्यपाल सिंह ने अपने बजट भाषण में इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा निगम का प्रमुख कार्य है।
निगम अपने बच्चों का भविष्य बनाने के लिए कृत संकल्प है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर निगम अपने 60 स्कूलों में नर्सरी की कक्षाएं शुरू करेगा। इसके अलावा पढ़ने-लिखने में कमजोर कक्षा तीन से लेकर पांचवीं तक के बच्चों की बुनियाद मजबूत करने के लिए उन्हें तीन ग्रुप में बांटा गया है। इसके तहत बच्चों को सकारात्मक रूप से आधारभूत शिक्षा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और उन्हें प्ले कार्ड, कहानियों एवं संख्याओं के खेल के माध्यम से मनोरंजक तरीके से बुनियादी शिक्षा दी जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



