नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की कानून व्यवस्था संबंधी बैठक में पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने राजधानी में नाइट पेट्रोलिंग के पैटर्न को लेकर चर्चा की गई, जिसमें सामने आया कि नाइट पेट्रोलिंग में सुधार किया जा सकता है। बैठक में सभी जिलों के पुलिस उपायुक्त को नाइट पेट्रोलिंग के पैटर्न पर विचार करके बेहतर करने की बात कही गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग बेशक अपराधियों पर काबू करने के लिए लगाई जाती है, लेकिन उसमें कुछ सुधार हो सकता है।
बीते पूरे साल में दिल्ली पुलिस के ही वरिष्ठ अधिकारियों ने नाइट पेट्रोलिंग में तीन सौ से अधिक कमियां गिनाई हैं, जिनको सुधारने के लिए समय-समय पर संबंधित पुलिस उपायुक्त को सुझाव दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीते महीने ही एक नाइट जीओ (दानिप्स व आईपीएस स्तर के अधिकारी) ने अपने सुझाव देते हुए रात के समय पुलिस की मौजूदगी में सुधार की गुंजाइश बताई थी। उन्होंने अपने सुझाव में लिखते हुए कहा था कि थाना इलाकों में तैनात मोटरसाइकिल की संख्या कम थी, जबकि एक मोटरसाइकिल को ही पीसीआर की जगह तैनात कर दिया गया था।
इसके अलावा कई पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे बेहतर दशा में नहीं थे। उन्होंने आगे लिखा कि ज्यादातर पीसीआर वैन में गनमैन ही मौजूद नहीं था, तो वहीं जो कमांडो लाइट और ड्रैगन लाइट मौजूद थी, वह भी आउट ऑफ आर्डर थी। आखिर में उन्होंने लिखा कि सड़कों पर अधिक पुलिसकर्मी की जरूरत है, जबकि जरूरत से कम पुलिसकर्मी ही नाइट पेट्रोलिंग कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह तो सिर्फ एक गुंजाइश थी, जबकि अलग-अलग जिलों में पुलिस अधिकारियों ने नाइट पेट्रोलिंग में तीन सौ से अधिक कमियां गिनाई हैं। कुछ महीने पहले पीसीआर में तैनात एक सिपाही के खिलाफ नाइट जीओ ने शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। आरोपी पुलिसकर्मी अपना स्थान छोड़कर पास के ही गांव में हुक्का पी रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नाइट पेट्रोलिंग में समय-समय पर बदलाव किए जाते हैं, जिसमें प्रति रात में करीब साढ़े छह सौ मोटरसाइकिल सड़क पर तैनात रहती है। सिर्फ नाइट पेट्रोलिंग के दौरान ही पुलिस ने साढ़े सात सौ झपटमार, लुटेरे और चोर पकड़े हैं, जबकि भारी संख्या में अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पौने पांच सौ से अधिक सेंधमार दबोचे हैं, जबकि तीन सौ से अधिक झपटमार और लुटेरों को नाइट पेट्रोलिंग के तहत गिरफ्तार किया गया है।
– रवि भूषण द्विवेदी


Download Android App
Download iOS App



