नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध लक्ष्मीबाई कॉलेज में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में नौकरी के लिए निकाले गए गलत विज्ञापन को लेकर अभ्यर्थियों ने काफी हंगामा किया। बताया जाता है कि कॉलेज की ओर से गत दिनों निकाली गई एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) और जेएसीटी (जूनियर एसिस्टेंट) की 13 रिक्तियों के लिए साक्षात्कार देने आए थे। लेकिन कॉलेज पहुंचे पर उन्हें पता चला कि विज्ञापन रद्द कर दिया गया था। इसे लेकर अभ्यर्थियों में रोष था। वहीं कॉलेज प्रशासन ने कहा कि तकनीकी खामियों के चलते ये रिक्तियां विज्ञापन के अगले ही दिन रद्द कर दी थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जनवरी को कॉलेज की ओर से 13 पदों पर रिक्तियां निकाली गई थीं। नियमों के विरुद्ध इन रिक्तियों को भरने के लिए कॉलेज प्रशासन ने साक्षात्कार के लिए शनिवार की तारीख दी थी। हालांकि यह रिक्तियां अगले ही दिन रद्द कर दी गई थीं जिसका नोटिस भी वेबसाइट पर डाल दिया गया था। नोटिस न देखने वाले करीब सात-आठ सौ अभ्यर्थी शनिवार को सुबह करीब नौ बजे तक कॉलेज गेट पर पहुंच गए। ये अभ्यर्थी दूसरे प्रदेशों से भी आए थे।
सूत्रों के अनुसार ये अभ्यर्थी कॉलेज प्रशासन पर भड़कने लगे। जब हंगामा बढ़ने लगा तो पुलिस भी आग गई। कॉलेज प्रशासन ने तत्काल उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेजा। कॉलेज के बाहर दो-तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनमोल पंवार ने बताया कि रिक्तियों को लेकर जो नोटिस दिया गया था, वह अगले ही दिन रद्द हो गया था।
यह रिक्तियां तकनीकी कारणों के चलते रद्द की गई थीं। अगर अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर देखते तो उन्हें पता चल जाता। वहीं कॉलेज में भी सुबह आठ बजे ही नोटिस लगा दिया गया था। वहीं कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि मुझे विज्ञापन की कोई जानकारी नहीं मिली और इस तरह की किन्हीं रिक्तियों का भी मुझे पता नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



