दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर सोमवार को एक व्यक्ति ने कॉल करके मुख्यमंत्री पर संभावित हमले के खतरे के बारे में सूचित किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया व्यक्ति ने अपनी पहचान नहीं बताई लेकिन उसने कहा कि वह पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके से कॉल कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि कॉल करने वाले ने कहा कि उसने सुना है कि कोई मुख्यमंत्री पर हमला करने की साजिश रच रहा है। सूत्रों ने बताया कि फोन का कॉलर आईडी काम नहीं कर रहा था जिससे उस नम्बर की पहचान नहीं की जा सकी जिससे कॉल की गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मई से कार्यालय के टेलीफोन में लगा कॉलर आईडी काम नहीं कर रहा है।
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को कई बार याद दिलाये जाने के बावजूद इसे ठीक नहीं किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) ने इस कॉल के बारे में सूचित किया है और कॉलर की पहचान के प्रयास किये जा रहे है।
कुछ सप्ताह पहले केजरीवाल के कार्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था जिसमें मुख्यमंत्री की बेटी के अपहरण की धमकी दी गई थी। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



