Operation Kavach : राजधानी में नशे के कारोबार की कमर तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने अब तक का सबसे व्यापक और समन्वित अभियान चलाते हुए महज 48 घंटे में 4,035 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ के तहत हुई इस मेगा कार्रवाई में 212 एनडीपीएस मामलों में 255 ड्रग तस्करों और नार्को अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान 237.466 किलोग्राम गांजा, 5.184 किलोग्राम ओजी गांजा, 1.096 किलोग्राम हेरोइन, 159.8 ग्राम कोकीन, 101.1 ग्राम एमडीएमए, 186 ग्राम मेथामफेटामाइन, 366.48 ग्राम चरस समेत भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, 2,640 बुप्रेनॉर्फिन टैबलेट, 287 फेनिरामाइन इंजेक्शन और 23.27 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई।
दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में स्पेशल सीपी क्राइम एचजीएस धालीवाल की निगरानी में यह अभियान 22 जून शाम 6 बजे से 24 जून शाम 6 बजे तक लगातार चलाया गया। ऑपरेशन में दिल्ली के सभी 15 पुलिस जिलों, क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल और अन्य ऑपरेशनल यूनिट्स की कुल 1,474 टीमों ने हिस्सा लिया।
हथियार किए गए बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसीपी कुलदीप सिंह यादव और राजेश शर्मा की देखरेख में इंस्पेक्टर नितेश कुमार, परवीन कुमार राठी के नेतृत्व की टीम ने पकड़ा है। ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी एक साथ शिकंजा कसा। दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 398 मामले दर्ज कर 405 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 53,448 अवैध शराब के क्वार्टर, 47 शराब की बोतलें, 98 बीयर की बोतलें और 175 बीयर कैन जब्त किए गए।
वहीं आर्म्स एक्ट के 315 मामलों में 329 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 पिस्टल, 90 देसी कट्टे, 147 कारतूस, 242 चाकू, एक मैगजीन और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
55 वाहन चोरों को दबोचकर चोरी की 60 गाड़ियां बरामद
जुआ अधिनियम के तहत 307 मामलों में 600 लोगों को गिरफ्तार कर 7.16 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 49 घोषित अपराधियों और 55 वाहन चोरों को दबोचकर चोरी की 60 गाड़ियां बरामद की गईं। विशेष अभियान के दौरान 4,708 वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई के तहत 1,900 लोगों को बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किया।
जबकि 444 लोगों को प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया गया। 5,977 हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की जांच की गई, जिनमें से 28 का पता लगाया गया। इसके अलावा 208 संवेदनशील हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी गई और 1,429 पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और शौचालयों में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 397 चिन्हित नार्को अपराधियों का सत्यापन किया।
जिनमें 231 मौके पर मिले, 118 पहले से न्यायिक हिरासत में थे, जबकि 48 फरार पाए गए। वहीं 161 विदेशी नागरिकों की जांच की गई और 21 के खिलाफ निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें : नरेला में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, बवाना में भी चलीं गोलियां


Download Android App
Download iOS App




