Delhi : आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के नरेला और बवाना थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने चार नाबालिगों समेत कुल छह आरोपियों को पकड़ लिया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, आठ खाली खोखे, चाकू, सुवा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि पहली वारदात नरेला थाना क्षेत्र के पॉकेट-4, सेक्टर ए-6 में 24-25 जून की रात हुई।
यहां 30 वर्षीय मुस्तकीम और उसके छोटे भाई सोहेल पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुस्तकीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोहेल का इलाज जारी है।
जांच में सामने आया कि वारदात से कुछ देर पहले सोहेल और आरोपी दलीप के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद दलीप अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और दोनों भाइयों पर चाकू और सुवा से हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नरेला राकेश कुमार की निगरानी और एसएचओ इंस्पेक्टर राजेंद्र के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गईं।
तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी चाहिद (22), दलीप (23) और दो नाबालिगों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, सुवा और स्कूटी बरामद कर ली गई।
स्कूल के पास केशव की गोली मारकर हत्या
दूसरी घटना बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द स्थित दिव्य भारती पब्लिक स्कूल के पास हुई, जहां 25 जून को 22 वर्षीय केशव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी बवाना जोगिंदर सिंह और एसएचओ इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेयी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से कुछ ही घंटों में हत्या में शामिल 17 और 16 वर्षीय दो नाबालिगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर स्कूल के पास केशव का इंतजार किया और उसके पहुंचते ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और आठ खाली खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। नरेला हत्याकांड में सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है, जबकि बवाना मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें : ‘गैस कनेक्शन बंद होने’ का मैसेज बना साइबर ठगी का जाल, चार राज्यों में फैले गिरोह का पर्दाफाश


Download Android App
Download iOS App




