लखनऊ, 26 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की नई प्रदेश टीम का गठन व्यापक सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखकर किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि नई कार्यकारिणी में करीब हर जातियों को प्रतिनिधित्व देकर सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सेवा, समर्पण और संगठन की विचारधारा पर कार्य करने वाली पार्टी है। उन्हें विश्वास है कि नई जिम्मेदारी संभालने वाले सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने इस बार अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए और युवा कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उनका कहना था कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता और संगठन के प्रति योगदान के आधार पर अवसर दिए जाते हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में हुई देरी के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाली पार्टी है, जहां सभी स्तरों पर विचार-विमर्श और सहमति के बाद निर्णय लिए जाते हैं। इसी प्रक्रिया के कारण नई टीम के गठन में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में फैसले किसी एक व्यक्ति या परिवार की इच्छा से नहीं होते। अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितता के मामले पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी दोनों पारदर्शिता के पक्षधर हैं। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
–आईएएनएस
विकेटी/डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



