नई दिल्ली : दिल्ली में रह रहे बेसहारा बुजुर्गों के लिए दिल्ली सरकार ने एक और वृद्धाश्रम शनिवार को समर्पित कर दिया। वजीरपुर में करीब 600 वर्ग गज क्षेत्रफल में चार मंजिला बने महात्मा ज्योतिबा फूले स्मारक वृद्धा आश्रम का मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उद्घाटन किया। इसी के साथ दिल्ली में अब तीन वृद्धा आश्रम हो गए हैं। अभी सात वृद्धाश्रम बनाए जा रहे हैं। उन्हें भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वही देश और समाज तरक्की करता है, जहां बुजुर्गों की सेवा होती है। यही हमारे देश की संस्कृति भी है। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने बुजुर्गों के सम्मान के लिए काम किया। केजरीवाल ने कहा कि आज यहां वृद्धाश्रम की शुरुआत हो रही है। यहां 36 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था है। उनके मनोरंजन, खाने और रहने की सभी सुविधाएं हैं।
आज इसे शुरू करते हुए खुशी भी है और दुख भी है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि यहां पर कुछ बुजुर्ग आकर रहने लगे हैं। उनमें से एक बूढ़ी अम्मा से उन्होंने बात की। उसने बताया कि उसके दो बच्चे थे। एक की मौत हो गई है। दूसरा पटरी पर दुकान लगाता है। मैंने कहा कि उनके साथ क्यों नहीं रहती हैं। अम्मा ने बताया कि यहां पर कोई परेशानी नहीं है। वह अपने बेटे के पास जाना चाहती है। उसका बेटा उसे अपने साथ रखना नहीं चाहता।
तीन साल से वह किसी अन्य आश्रम में थी। वहां ज्यादा लोग हो गए थे। इसलिए यहां लाया गया। उसने कहा कि उसका बेटा अच्छे से रखे या नहीं, लेकिन वह बेटे के साथ ही रहना चाहती है। समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सरकारें पहले भी थी। लेकिन समाज कल्याण विभाग की चर्चा भी नहीं होती थी।
माता-पिता की सेवा नहीं करने वाले बच्चों की तरक्की नहीं हो सकती
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं अपने माता-पिता के साथ रहता हूं। रोज शाम को जाकर उनके साथ कुछ समय गुजारता हूं। पूरा दिन जो कुछ भी होता है, उन्हें बताता हूं। उनके साथ समय गुजार कर पूरे दिन की थकान दूर हो जाती है। हर परिवार का मकसद होता है कि घर की तरक्की हो।
वृद्धाश्रम में आकर कुछ समय बिताएं युवा : सीएम
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं युवाओं से अपील करता हूं कि जब भी उन्हें समय मिले, वे ऐसे वृद्धाश्रम में आकर कुछ समय बिताएं। वृद्धों को भी अच्छा लगेगा और आपको भी अच्छा लगेगा। चुनाव के बाद हम योजना बनाएंगे कि कैसे युवा वृद्धा आश्रम में आकर बुजुर्गों के साथ जुड़ सकते हैं।
बुजुर्ग तीर्थ यात्रा योजना का उठाएं लाभ
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बचपन से हम श्रवण कुमार की कहानी सुनते आए हैं। कैसे उन्होंने अपने माता-पिता को तीर्थ यात्रा कराने लेकर गए थे। आज दिल्ली सरकार ने भी दिल्ली के अपने बुजुर्गों की सेवा व सम्मान करने के लिए तीर्थ यात्रा योजना शुरू की है।
सुविधाओं से सुसज्जित है वृ़द्धा आश्रम
समाज कल्याण विभाग के सचिव मधुप व्यास ने बताया कि मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पैरेंट एंड सीनियर सिटीजन एक्ट 2007 के तहत राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि वे बेसहारा बुजुर्ग नागरिकों के रहने के लिए वृद्धाश्रम बनाएं। अभी तक समाज कल्याण विभाग दो वृद्धाश्रम चला रही थी।
एक बिंदापुर और दूसरा लामपुर में वृद्धा आश्रम है। यह तीसरा वृद्धाश्रम होगा। यहां आधुनिक सुविधाएं होंगी। यहां मेडिकल व मनोरंजन की सुविधा है साथ ही डाइनिंग, किचन व कॉमन स्पेस भी है।


Download Android App
Download iOS App



