अभिभावकों के एक समूह ने पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को फिर से खोले जाने की मांग को लेकर शनिवार को यहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के निकट प्रदर्शन किया।
दिल्ली राज्य पब्लिक स्कूल प्रबंधन संघ के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी अभिभावकों ने कहा कि आंगनवाड़ियों, अदालतों और नौंवी से 12 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं का संचालन फिर से शुरू हो गया है, इसलिए प्राथमिक कक्षाओं को भी फिर से शुरू किया जाना चाहिए। संघ के अध्यक्ष आर सी जैन ने कहा कि सरकार को माता-पिता को ऑनलाइन शिक्षण जारी रखने के साथ ही अपने बच्चों को स्कूल भेजने का विकल्प देना चाहिए।
जैन ने कहा, ‘‘सरकार को एक एसओपी जारी करनी चाहिए, जो अपने बच्चों को ऑफलाइन कक्षाओं में भेजना चाहते हैं और उन्हें कुछ दिशानिर्देशों का पालन करना चाहिए, और बाकी ऑनलाइन माध्यम से जारी रख सकते हैं।’’ कोरोना वायरस महामारी के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पिछले वर्ष मार्च से शिक्षण संस्थान बंद हैं। राष्ट्रीय राजधानी में शैक्षणिक संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने का काम शुरू हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



