नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के हरिनगर वार्ड की पार्षद किरण ने झूठ बोला है। बी-ब्लॉक के आरडब्ल्यूए का नाम गलत लिया है। बी-ब्लॉक की आरडब्ल्यूए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की पार्किंग काे संचालित नहीं कर रही है। यह बात बी-बलॉक आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ने कही। दरअसल, शुक्रवार को फोनपर बातचीत के दौरान पार्षद किरण ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की पार्किंग को बी-ब्लॉक की आरडब्ल्यूए चला रही है।
उनकी इस बात को बी-ब्लॉक आरडब्ल्यूए ने गलत करार दिया है। वहीं हरिनगर सी ब्लॉक की आरडब्ल्यूए ने कहा कि पार्षद किरण आरडब्ल्यूए के नाम को बदनाम कर रही हैं। कोई भी आरडब्ल्यूए पार्किंग चलाने में संलिप्त नहीं है। कई महीने से हो रहे लाखों रुपए के नुकसान पर अब निगम ने भी कमर कस ली है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कहा कि इस मामले में यदि कोई भी व्यक्तिगत स्वार्थ के तहत पार्किंग चला रहा है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि अगर कोई आरडब्ल्यूए इस पार्किंग को फ्री में चला रही है तो कोई दिक्कत नहीं है। अगर पैसे लेकर पार्किंग की जा रही है तो वह कानूनी तौर पर गलत माना जाएगा। भूपेंद्र गुप्ता ने ठेकेदार को जल्द से जल्द पार्किंग पजेशन देने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि, इस पार्किंग को निगम ने टेंडर किया हुआ है। ये 2.75 लाख रुपए के प्रति माह के हिसाब टेंडर उठा हुआ है, जोकि निगम को नुकसान पहुंचा रहा।


Download Android App
Download iOS App



