Paytm के फाउंडर विजय शेखर शर्मा दिल्ली में हुए थे गिरफ्तार, फिर जमानत पर रिहा, जानें क्या है पूरी खबर

Summary :

पेटीएम के सीईओ विजय शेखर शर्मा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

पेटीएम के सीईओ विजय शेखर शर्मा को दिल्ली पुलिस ने फरवरी में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की कार को कथित रूप से टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार किया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की। दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नलवा ने बताया कि यह घटना 22 फरवरी को दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुई थी। अधिकारी ने कहा, आरोपी ने दक्षिणी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), बेनिता मैरी जयकर की कार को टक्कर मार दी। हालांकि, घटना के समय डीसीपी कार के अंदर मौजूद नहीं थे।
DCP की कार को मारी थी टक्कर 
अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना 22 फरवरी को मदर इंटरनेशनल स्कूल, श्री अरबिंदो मार्ग के बाहर हुई, जब डीसीपी के ड्राइवर ईंधन भरने के लिए कार से निकले थे। दुर्घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ और डीसीपी के ड्राइवर कांस्टेबल दीपक कुमार ने तुरंत उनकी कार को टक्कर मारने वाले कथित लैंड रोवर का नंबर नोट किया और डीसीपी जयकर को घटना के बारे में सूचित किया, जिन्होंने उनसे शिकायत दर्ज करने के लिए कहा।
टक्कर मार कर हो गए थे फरार 
हादसे के बाद लैंड रोवर का आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। प्राथमिकी में, कांस्टेबल कुमार ने आरोप लगाया कि वह अपनी कार में ईंधन भरने गया था और उस दिन सुबह करीब 8 बजे जब वह मदर इंटरनेशनल स्कूल के गेट नंबर 3 के बाहर पहुंचा, तो भारी ट्रैफिक जाम हो गया क्योंकि माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने आए थे। । ट्रैफिक जाम देखकर कांस्टेबल दीपक ने रफ्तार धीमी की और तभी तेज रफ्तार लैंड रोवर ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी।
22 फरवरी को वाहन की पहचान के बाद हुए थे गिरफ्तार
जिसके बाद पुलिस ने मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पीआरओ नलवा ने कहा, जांच करने पर, उल्लंघन करने वाले वाहन की पहचान की गई और उसके चालक विजय शेखर शर्मा को 22 फरवरी को पहचान के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और उसी दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया। दोनों वाहनों डीएल 1 सीयू 9321 (डीसीपी जयकर की कार) और आपत्तिजनक वाहन एचआर 98 सी 0197 को जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।

शुरू हुआ मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास का ‘हिसाब-किताब’, केस में शामिल हुई ये धाराएं, जानें पूरा मामला

Desk Team