संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण के लिए सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के लिए रविवार को सुबह कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति की बैठक हुई। 10 जनपथ सोनिया गांधी के आवास पर हुई। इस बैठक में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी, आनंद शर्मा, के सी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे, मनिकम टैगोर और जयराम रमेश जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हुए। करीब 40 मिनट बैठक में संसद के आगामी सत्र में किन मुद्दों को उठाया जाए और सरकार को कैसे देखा जाए, इससे जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, बैठक में अहम मुद्दों को लेकर और विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर कैसे सरकार को घेरा जाए, इस पर चर्चा हुई है। इनमें यूक्रेन से छात्रों की वापसी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के लिए एमएसपी मुद्दा भी शामिल रहा। कांग्रेस नेता मनिकम टैगोर ने मीडिया को बताया, इस बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के अंदर किन मुद्दों को उठाया जाएगा, इस पर हमने चर्चा की। इसमें युक्रेन से आए मेडिकल छात्र की पढ़ाई किस तरह पूरी होगी और अचानक बढ़ी बेरोजगारी को सरकार किस तरह दूर करेगी हम यह मुद्दा भी उठाएंगे।
शाम चार बजे होगी कांग्रेस सीडब्ल्यूसी की बैठक
इस बीच, रविवार शाम चार बजे कांग्रेस सीडब्ल्यूसी की बैठक होनी है।इसमें पार्टी और पार्टी की विचारधारा को कैसे आगे बढ़ाया जाए, जनता तक किस तरह अपनी पार्टी की खूबियों तक पहुंचाया जाए और हाल ही में हुई कई राज्यों में पार्टी की हार से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी। दरअसल इससे पहले जी-23 के कुछ नेताओं ने शुक्रवार रात को भी बैठक की थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के घर हुई इस बैठक में मनीष तिवारी और अन्य नेता शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



