नई दिल्ली: दिल्ली के राजनेताओं ने एक बार फिर से सोशल मीडिया को बहस का अखाड़ा बना डाला। इतना ही नहीं राजनीतिक मामले से शुरू हुई ट्वीट को व्यक्तिगत स्तर तक ले जाया गया। मामला इतना लंबा चला कि लोगों ने इनके ट्वीट को री-ट्वीट कर इस तरह की बातें सोशल मीडिया पर न करने तक की सलाह तक दे डाली। दरअसल पूरा वाक्या है दिल्ली के दो विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा और अलका लांबा के बीच का। मनजिंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट कर यह लिखा कि आप वाले दौरा करते हैं सिर्फ ट्विटर पर दिखावा करने के लिए। मैडम अलका लांबा जी आप लोगों ने जेबें कम लूटी होती और हवाला वाले सत्येंद्र जैन ने कुछ लोक भलाई का काम किया होता तो आज दिल्ली में रैन बसेरे होते … जगह-जगह केजरीवाल के होर्डिंग नहीं। शर्म करो। डूब मरो।
इस पर अलका लांबा ने ट्वीट कर जबाव दिया कि रजाई/घर से बाहर निकलकर जरा दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ इतनी ठंडी में दौरा तो करो, कब तक घर में बैठकर ट्वीट कर के सर्दी से होने वाली मौतों पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकते रहोगे। बात आगे बढ़ी और सिरसा ने ट्वीट कर लिखा केजरीवाल जिसने दिल्ली के चुनावों से पहले एफिडेविट भी दिया और कसमें खाई, सबको पक्का घर देने की…। इस पर लांबा ने फिर प्रतिक्रिया देकर लिखा घर/स्कूल/अस्पताल हवा में नहीं बनते …।
बात यहां भी नहीं रुकी दोनों विधायकों के बीच ट्वीट दर ट्वीट होती रहीं और अंत तक सोशल मीडिया में व्यक्गित मामलों को भी बीच में लाया गया। इसपर सिख प्रकोष्ठ भाजपा, दिल्ली के सह संयोजक जसप्रीत सिंह माटा ने ट्वीट कर लिखा कि शर्म की बात है। अलका लांबा क्या आप ऐसे ही किसी महिला के चरित्र पर कीचड़ उछालते हो? अगर हां तो आप अपने ट्विटर हैंडल की कवर फोटो हटा दो क्योंकि आप जैसे लोग ही इन सब को बढ़ावा देते हो। वहीं सिरसा ने भी ट्वीट कर लिखा कि मैं भी व्यक्गित हो सकता हूं लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा। बहरहाल दोनों नेताओं के बीच हुई इस ट्विटर जंग से जनता को क्या लाभ मिलेगा यह तो वक्त ही बताएगा। लेकिन इस जंग के व्यक्तिगत होने से निश्चित रूप से सोशल मीडिया में सक्रिय लोगों के बीच मसाला और रोष दोनों देखने को जरूर मिला।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



