पश्चिमी दिल्ली : अमन विहार इलाके में गुरुवार रात स्कूटी सवार बदमाशों ने एक फोटोग्राफर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पुष्कर (25) के रूप में हुई है। पुष्कर को पांच गोलिया लगी हैं। बदमाशों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब पुष्कर अपने पालतू कुत्ते को घर के पास घुमा रहा था। शुरूआती जांच में पुलिस ने हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई है।
वहीं परिवार का कहना है कि पुष्कर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें हमलावर कैद हुए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
उधर, पुलिस ने शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक पुष्कर अपने परिजनों के साथ प्रताप विहार में रहता था। वह इलाके में ही एक फोटोग्राफी की दुकान में काम करता था। गुरुवार देर रात वह खाना खाने के बाद पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए घर से निकला था। वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर था। तभी एक काले रंग की स्कूटी पर सवार नकाबपोश उसके पास पहुंचा।
आरोपी का एक अन्य साथी पैदल आया। पुष्कर के पास आते ही उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। पुष्कर को गोली लगने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर के हाथ, पेट, पीट और गले पर पांच गोलियां लगी थीं। पुष्कर के चाचा अनिल का कहना है कि पुष्कर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
हालांंकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। उससे लगता है कि इसके पीछे कोई रंजिश थी। इसके अलावा पुष्कर आरोपी को पहचानता था। इसीलिए वह चेहरे को पूरी तरह से नकाब से ढककर वारदात को अंजाम देने के लिए आया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



