IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे PM मोदी, 3,036 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

Summary :

IIT Delhi News : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का 57 वां दीक्षांत समारोह 8 अगस्त को आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में प्रधानमंत्री 3,036 स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान 587 पीएचडी शोधार्थियों सहित कुल 3,036 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री संस्थान के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को राष्ट्रपति स्वर्ण…

IIT Delhi News : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का 57 वां दीक्षांत समारोह 8 अगस्त को आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में प्रधानमंत्री 3,036 स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान 587 पीएचडी शोधार्थियों सहित कुल 3,036 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री संस्थान के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री हरियाणा के सोनीपत स्थित आईआईटी दिल्ली परिसर में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का भी दूरस्थ माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

इस वर्ष पहली बार बैचलर ऑफ डिजाइन (बी.डिजाइन), एग्जीक्यूटिव एमबीए, जैविक विज्ञान में एमएससी तथा संस्कृति, समाज एवं चिंतन विषय में एमए के विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। डिग्री प्राप्त करने वालों में 1,049 बीटेक, 567 एमटेक, 248 एमबीए, 243 एमएससी और 587 पीएचडी विद्यार्थी शामिल हैं।

प्रो. बनर्जी ने कहा कि आईआईटी दिल्ली ने देशभर के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) के साथ शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए समझौते किए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को संयुक्त शोध, शैक्षणिक आदान-प्रदान, शोध अवसंरचना के साझा उपयोग और बहुविषयक नवाचार गतिविधियों का लाभ मिलेगा। संस्थान ने इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए ‘अलाइन (एकेडमिक लिंकेज फॉर इनोवेशन एंड नेशनल ग्रोथ) कार्यक्रम भी शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान ने लगभग 600 करोड़ रुपये के प्रायोजित अनुसंधान एवं परामर्श परियोजनाओं पर कार्य किया, जबकि पिछले एक वर्ष में 196 पेटेंट दाखिल किए गए, 26 लाइसेंसिंग समझौते हुए और 26 नए स्टार्टअप स्थापित किए गए।

 

 

Sumant Chaudhary