Delhi: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करेगा। उन्होंने कहा, यह हम सभी भारतीय के लिए गर्व की बात है कि खुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने डेलावेयर में पीएम मोदी की मेजबानी की। दुनिया के सबसे पुराने और बड़े लोकतंत्र के नेताओं के बीच यह निरंतर जुड़ाव वैश्विक शांति और कल्याण के लिए हितकारी है। उन्होंने कहा, क्वाड नेताओं की बैठक भी काफी सार्थक रही, जिसमें मौजूदा चुनौतियों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
#WATCH दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा पैमाने और इसके परिणामों के मामले में महत्वपूर्ण और सार्थक रही है। हर भारतीय को इस बात पर गर्व है कि राष्ट्रपति बाइडेन ने डेलावेयर में अपने आवास पर PM मोदी की मेजबानी… pic.twitter.com/Fdf2E1cmj4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 24, 2024
स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर मैं क्वाड नेताओं द्वारा कैंसर मूनशॉट पहल शुरू करने से बहुत खुश हूं। निसंदेह इससे कैंसर के विरुद्ध लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी। इससे दुनियाभर के लाखों लोगों के जीवन पर सकारात्मक रूप से गहरा असर पड़ेगा। जेपी नड्डा ने कहा, पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात करके यह साबित कर दिया है कि वैश्विक मामलों में उनके हस्तक्षेप को सम्मान की दृष्टि से मौजूदा परिदृश्य में देखा जाता है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी द्वारा नेपाल, वियतनाम और कुवैत के राष्ट्राध्यक्ष से मुलाकात करने से भारत के रिश्ते इन देशों से प्रगाढ़ होंगे।
उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि हमें मौजूदा समस्या से निपटने के लिए एकजुट होना होगा, ताकि उन लोगों की आवाज सुनी जा सकें, जिन्हें अनसुना किया जा रहा है। पीएम मोदी द्वारा वैश्विक नेताओं से हुई यह मुलाकात आगामी दिनों में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा, इसलिए पीएम मोदी ने अपने दौरे के दौरान कई मुद्दों पर अपना ध्यान केंद्रित किया, जो कि पूरी दुनिया को अहम संदेश देने वाला साबित हुआ। बता दें कि पीएम मोदी तीन दिवसीय अमेरिकी दौरे पर थे, जहां उन्होंने क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेकर भारत के रिश्ते अन्य देशों के साथ प्रगाढ़ करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने रविवार को लॉन्ग आइलैंड में अमेरिकी-भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया था।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं


Download Android App
Download iOS App



