पेपर लीक मामले को लेकर लगातार छात्रों का रोष बढ़ता जा रहा है। इसमें सीबीएसई मामला हो या फिर एसएससी का। एसएससी परीक्षा में घोटाले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार से मांग कर रहे छात्र शनिवार को पूरे देश से दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए।
आपको बता दे कि हजारों की संख्या में छात्रों ने अलग-अलग मांगों को लेकर संसद मार्ग पर प्रदर्शन किया। ऐसे में लगभग 5 हजार छात्र संसद मार्ग में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। वहां से पुलिस ने उन छात्रों को जब खदेड़ने शुरू किया तो आधे से ज्यादा छात्र जनपथ पहुंच गए और इस वजह से कनॉट प्लेस के आसपास सड़क जाम हो गई।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को वहां से खदेड़ा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर अभ्यर्थियों की भीड़ को हटाने की कोशिश की। इस दौरान कई छात्रों को सिर में चोट भी पहुंची। वहीं कई छात्रों को हिरासत में भी लिया गया। इस दौरान कनॉट प्लेस पर छात्रों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प भी हुई।
एसएससी में हुई धांधली को लेकर अभ्यर्थियों का एक और गुट दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी जोरदार प्रदर्शन कर रहा है। देश भर के अलग-अलग राज्यों से अभ्यर्थी दिल्ली में आए हुए हैं। छात्रों का कहना है कि अब आर या पार की लड़ाई लड़कर वापस जाएंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले एक साल में एसएससी द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की जांच सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में की जाए और केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह इस्तीफा दें। जब तक हमारी ये मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक लड़ाई जारी रहेगी।
एसएससी की परीक्षाएं रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर अभ्यर्थी हाल ही में 18 दिन तक सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित एसएससी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। मांगें न मानी जाने पर उन्होंने दोबारा प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



