दिल्ली जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाक़ू से हमला, 9 जवान घायल, मुठभेड़ के बाद आरोपी के पैरों में लगी 6 गोलियां

Summary :

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे जब संयुक्त टीम ने आरोपी को दबोचने की कोशिश की, तो उसने एक बार फिर चाकू से हमला बोल दिया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के चार जवान कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया है।

नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली के एक थाने के अंदर पूछताछ के दौरान एक बदमाश ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र के चेहरे व गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत भी घायल हुए। सभी पांचों घायल जवानों को तुरंत सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वारदात को अंजाम देकर आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए रास्ते में एक आम नागरिक की स्कूटी भी छीन ली। घटना के बाद हरकत में आई सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कब्र इलाके में आरोपी को घेर लिया।

जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे जब संयुक्त टीम ने आरोपी को दबोचने की कोशिश की, तो उसने एक बार फिर चाकू से हमला बोल दिया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के चार जवान कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया है।

गंभीर खतरे के बावजूद पुलिस टीम ने संयम बरतते हुए कमर से नीचे निशाना साधकर नियंत्रित फायरिंग की। पुलिस की ओर से कुल आठ राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं और उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया।

पहले से दर्ज मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर साल 2022 में दरियागंज थाने में आईपीसी की धारा 324 के तहत एक मामला पहले से दर्ज है। फिलहाल जामा मस्जिद और चांदनी महल थानों में संबंधित धाराओं के तहत नए केस दर्ज किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें – व्हाट्सएप्प वेब पर साइबर ठगों की नजर, आपकी पहचान से दोस्तों-रिश्तेदारों को लगा सकते हैं चूना

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और कानून संबंधित लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।