नई दिल्ली : हेलमेट न पहनने पर पहले मात्र 100 रुपए का चालान था। तब लोगों को किसी तरह की परवाह नहीं थी, भले ही हादसे में उनकी जान क्यों न चली जाए। मगर जब रविवार को नया ट्रैफिक नियम लागू हुआ तो बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर चलने वाले भी हाथ जोड़कर ट्रैफिक पुलिस वालों से बोले ‘बस एक बार छोड़ दो’।
अब दोबारा गलती नहीं होगी। मगर पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया हुआ था। नियम तोड़ने वालों के जमकर चालान किए। वहीं लोग कोर्ट चालान से बचने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाने से भी बाज नहीं आए। किसी ने कहा जनाब जिन्दगी में पहली बार लाल बत्ती जंप की है।
किसी ने कहा सर बस थोड़ी दूर तक ही जा रहा था। किसी ने कहा सिर में दर्द था इसलिए हेलमेट नहीं पहना था। ऐसे भी लोग थे, जिन्होंने ऊपर तक पहुंच होने का हवाला देते हुए बचने की कोशिश की। मगर ट्रैफिक पुलिस के आगे उनकी एक भी नहीं चली।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा जानकारी होनी चाहिए थी… अधिकांश लोग ऐसे ही थे, जिन्होंने दावा किया कि उन्हें नए नियम की जानकारी नहीं थी। मगर ट्रैफिक पुलिस ने भी उन्हें दो टूक जवाब देते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनल तक नए ट्रैफिक रूल की जानकारी दी जा रह थी।
कई जगह अपडेट नहीं थी मशीनें
साउथ दिल्ली के कई प्वाइंट पर सुबह के वक्त चालान मशीनें अपडेट नहीं थीं। जिसकी वजह से ट्रैफिक पुलिसकर्मी बैठे नजर आए। एंट्रयूगंज चौक, पंचशील फ्लाईओवर प्वाइंट, कमला नेहरु कॉलेज, डिफेंस कॉलोनी, हौजखास आदि जगह पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियाें ने बताया कि मशीनें शनिवार रात से ही अपडेट होने के लिए गई हैं। जब मशीनें अपडेट होकर मिलेंगी। चालान शुरू कर देंगे।
जागरूकता अभियान…
ट्रैफिक पुलिस ने चालान के साथ लोगों को नए ट्रैफिक नियम के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें समझाया गया कि यातायात के नियम अपनी व दूसरों की सुरक्षा के लिए ही बने हैं। सड़कों पर सुरक्षित चलें और सुरक्षित रहें।
लोगों के हैरान करने वाले दावे
इंडिया गेट पर ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटी सवार एक छात्र काे रोक लिया। स्कूटी पर छात्र की मां बिना हेलमेट बैठी थी। पुलिस जब उसका कोर्ट चालान करने लगी तो छात्र ने दावा किया कि वह दिल्ली में नहीं रहता। उसे दिल्ली में नए ट्रैफिक रूल की जानकारी नहीं है। वह तो नोएडा में रहता है। मां कानपुर यूपी से उसके पास आई थी। वह मां को इंडिया गेट घुमाने लाया था। अमित नाम के युवक ने पकड़े जाने पर कहा कि मैंने जीवन में पहली बार ट्रैफिक रूल तोड़ा है। पहली गलती समझकर छोड़ दो।
कोर्ट चालान से लोगों को दिक्कत
नए ट्रैफिक नियम पर दिल्ली सरकार द्वारा नोटिफिकेशन न आने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के कोर्ट चालान किए। मगर जो लोग दिल्ली से बाहर के रहने वाले हैं। उन्हें कोर्ट चालान के बाद दिक्कतें आएंगी।


Download Android App
Download iOS App



