नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आज चाहे कानून व्यवस्था की स्थिति हो, देश की अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर हो या फिर न्यायिक व्यवस्था के मामले में भारत में जो अवसाद का वातावरण कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी दल बनाने का प्रयास कर रहे हैं वह उनकी राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
तिवारी ने कहा है कि जिस कांग्रेस पार्टी ने एमरजेंसी लगाकर न सिर्फ आम नागरिकों के संविधानिक अधिकारों का हनन किया था बल्कि तत्कालीन इलाहाबाद उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिकारों एवं निर्णयों पर भी आघात किया था, उसको आज पुनः न्यायिक व्यवस्था पर आघात करने का प्रयास करता देख दुख होता है। उन्होंने कहा कि स्वयं एक कानूनविद कपिल सिब्बल केवल अपने राजनीतिक नेतृत्व से सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को प्रसन्न करने के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पर महाभियोग लाने का प्रयास किया।
तिवारी ने कहा मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जिस तरह प्रधानमंत्री के विरूद्ध टिप्पणी की वह भी देश में अवसाद और अराजकता का माहौल बनाने के विपक्षी दलों के प्रयासों का एक भाग है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री पर अनर्गल टिप्पणी करने से पूर्व अरविंद केजरीवाल यह याद रखें कि कहीं इसके लिये भी माफी मांगकर उन्हें शर्मिन्दा न होना पड़े।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



