नई दिल्ली : सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि केंद्र की नई सरकार प्रसार भारती की स्वायत्तता को बरकरार रखेगी। जावड़ेकर ने यहां दूरदर्शन भवन में अत्याधुनिक हाई डेफिनेशन डीएसएनजी वैनों का लोकार्पण किए जाने के अवसर पर सोमवार को कहा, ‘‘प्रसार भारती की स्वायत्तता महत्वपूर्ण है। हम इसे बरकरार रखेंगे।… हम चाहते हैं कि प्रसार भारती सुचारू तरीके से काम करे, नए कार्यक्रम लेकर आए और नए आयाम छुए।’’ मंत्री ने विश्वसनीय कार्यक्रमों और कवरेज के लिए सार्वजनिक प्रसारकों डीडी और आकाशवाणी की प्रशंसा की और अधिकारियों से डी डी भारती जैसे चैनलों को प्रोत्साहन देने को कहा।
उन्होंने कहा कि नई वैनों के माध्यम से डीडी को आउटडोर स्थलों से अच्छी गुणवत्ता के विजुअल एकत्र करने में मदद मिलेगी। डीडी न्यूज ने 17 हाई डेफिनेशन डीएसएनजी वैन खरीदी हैं जो एचडी और मल्टी कैमरा प्रोडक्शन में संकेत प्रसारित करने में सक्षम हैं। प्रसार भारती के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश ने कहा कि सार्वजनिक प्रसारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘‘सबका विश्वास’’ नीति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे ने कहा कि सरकार ने 1,054 करोड़ रुपए के खर्च पर प्रसार भारती के बुनियादी ढांचे में विकास के लिए तीन वर्षीय एक योजना को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में कई चैनल सबसे तेज होने का दावा करते हैं लेकिन डीडी और आकाशवाणी सर्वाधिक विश्वसनीय हैं।’’ उन्होंने कहा कि डीडी और आकाशवाणी के देश में सर्वाधिक दर्शक एवं श्रोता हैं।


Download Android App
Download iOS App



