प्रकाश जावड़ेकर ने पूछा विधानसभा चुनाव लड़ेंगे क्या?

Summary :

केन्द्रीय मंत्री एवं दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को प्रदेश पदाधिकारी और मीडिया प्रवक्ताओं के साथ बैठक की।

नई दिल्ली : केन्द्रीय मंत्री एवं दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को प्रदेश पदाधिकारी और मीडिया प्रवक्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान बारी-बारी से सभी को बुलाकर उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर उनका सुझाव भी जाना। साथ ही पूछा कि उनमें से कौन-कौन चुनाव लड़ना चाहता है और उसकी क्या तैयारी है। 
विशेषकर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के विषय में पूछा गया कि किसके क्षेत्र में कितनी कॉलोनियां हैं और उन्होंने अभी तक क्या किया है। जानकारी के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार शाम कुछ घंटों तक प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रवास किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के कक्ष में बैठकर उन्होंने पदाधिकारी और प्रवक्ताओं को अकेले बारी-बारी से बुलाया। 
इस दौरान स्पष्ट रूप से उन्होंने पहले ही कह दिया कि किसी प्रकार की नकारात्मक बात वे नहीं सुनेंगे। इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं, चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों से पूछा गया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कितनी अनधिकृत कॉलोनी हैं और उन्होंने अभी तक चुनाव की दृष्टि से क्या कार्य किए हैं। उनकी क्या-क्या गतिविधियां रही हैं। संबंधित लोगों का प्रोफाइल भी जाना गया। 
साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के प्रति जनता में बना हुआ रुझान भी जाना। सूत्रों की माने तो विधानसभा चुनाव प्रभारी जावड़ेकर से मिलकर बाहर निकलने वाले संतुष्ट नहीं थे क्योंकि उन्होंने बड़ी मुश्किल से दो से ढाई मिनट बोलने का मौका दिया गया। इसे प्रदेश पदाधिकारी और प्रवक्ता महज एक खानापूर्ति से ज्यादा नहीं मान रहे हैं कि उनसे मिलकर सिर्फ उनके दिल की बात ले ली गई।

Desk Team